बैतूल: आमला थाना क्षेत्र में 21-22 मई की दरम्यानी रात गल्ला व्यापारी के घर हुई डकैती की गुत्थी को बैतूल पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पांच फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस डकैती की साजिश रचने वाला आरोपी पीड़ित व्यापारी के घर अक्सर आने-जाने वाला व्यक्ति था। उसी ने अंदर की जानकारी जुटाकर अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।गिरफ्तार आरोपियों में शामिल शारुख एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ 8 आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। उसकी तलाश नागपुर पुलिस को भी लंबे समय से थी। बैतूल पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद अब नागपुर पुलिस भी उससे पूछताछ की तैयारी में है।
बैतूल एसपी की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में डकैती की पूरी साजिश का खुलासा हुआ।पुलिस ने बताया कि इस डकैती में कुल 9 लोग शामिल थे, जिनमें से पांच अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के संभावित ठिकानों पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गल्ला व्यापारी के घर डकैती की वारदात 21-22 मई की रात को आमला थाना क्षेत्र में हुई थी। आरोपियों ने व्यापारी के घर घुसकर परिवार को बंधक बनाया और नकदी व आभूषण लेकर फरार हो गए थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल था।बैतूल पुलिस की तत्परता से न सिर्फ बड़ी डकैती का पर्दाफाश हुआ, बल्कि एक सक्रिय अपराधी गिरोह का भी भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस की जांच अब भी जारी है।
