
रायसेन।शहर की वार्ड चार वीआइपी कॉलोनी में कार से आए वीआइपी चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाया।यहां सोना, चांदी के कुछ जेवर सहित नगदी पर हाथ साफ कर चोर कार से फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना 20 जुलाई की रात की है। जिसके आधार पर पुलिस ने चोरों की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि वीआइपी कॉलोनी की मुख्य सड़क पर स्थित सूने मकान को चोर गिरोह ने निशाना बनाया। उक्त मकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया कि एक स्विफ्ट कार रात 11.52 बजे घर के सामने आकर रुकी।जिसमें से दो लोग बाहर निकले और सीधे अन्नी राठोर के सूने मकान की दीवार फांदकर गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। रात 12.09 बजे उक्त कार फिर वापस आकर घर के बाहर रुकती है और दोनों चोर घर से निकलकर कार में बैठ जाते हैं। कार भोपाल बायपास की तरफ चली जाती है। मकान मालिक अन्नी राठोर की पत्नी मायके गई थी।जबकि वे खुद रायसेन में अपने दूसरे मकान में रह रहे थे। राठौर ने कुछ दिन पहले ही यह मकान खरीदा था। घटना का पता सोमवार रात उस समय चला जब अन्नी राठोर वापस लौटे। उन्होंने घर का ताला टूटा देखा और अंदर सामान बिखरा था। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें चोरी की वारदात दिखाई दी।
एसडीओपी प्रतिभा शर्मा का कहना है कि शुरूआती जांच में लगभग 60 हजार रुपए का सामान चोरी होने की बात सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।
