जबलपुर: बरेला नहर पर बनाया जा रहा निर्माणाधीन पुल का आधे से ज्यादा हिस्सा शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे अचानक धंस गया। हादसा उस वक्त हुआ जब श्रमिक पुल के हिस्से में क्रांकीट डाल रहे थे तभी सेंट्रिंग के धंसते ही पूरा स्ट्रक्चर हिल गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई मजदूर घायल नहीं हुआ। हादसे के बाद इस घटनाक्रम को जिम्मेदारों द्वारा छिपाने की बहुत कोशिश की गई।
नौबत यहां तक आ गई कि क्षेत्रीय ग्रामीणों को ठेकेदार व उसके कुछ लोगों द्वारा वहां से भगाया गया जिससे कोई ग्रामीण मोबाईल में वीडियो न बना ले। जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त पुल भारत माला प्रोजेक्ट के तहत जबलपुर रिंग रोड का हिस्सा है। यह प्रोजेक्ट केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय की महत्वपूर्ण योजना भी है, जिसमें जबलपुर में बायपास निर्माण के लिए कई हिस्सों में पुल और सड़कें बनाई जा रहीं हैं। नेशनल हाईवे कंस्ट्रक्शन के चलते पुल का निर्माण कार्य चल रहा था।
बारिश में मिट्टी की पकड़ हुई कमजोर
जहां हादसा हुआ वहां के पास के ग्रामीणों का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से बरेला में जोरदार बारिश हो रही है और निर्माणाधीन पुल में मिट्टी की पकड़ कमजोर होती जा रही है। शुक्रवार को जब मजदूरों द्वारा भारी मात्रा में क्रांकीट डाला गया जिसके बाद पुल का हिस्सा धंस गया। ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामग्री और लापरवाही का भी आरोप लगाया है।
