हसल 5 में रैप सुप्रीमो के रूप में लौटे बादशाह

मुंबई, 21 जुलाई (वार्ता) भारत के लोकप्रिय रैप रियलिटी शो ‘हसल’ के पांचवें सीजन में रैपर बादशाह एक बार फिर रैप सुप्रीमो के रूप में वापसी कर रहे हैं।निर्माताओं की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ‘हसल 5’ में बादशाह अगली पीढ़ी के रैप कलाकारों का मार्गदर्शन करते नजर आएंगे। उनकी वापसी की घोषणा एक विशेष प्रोमो फिल्म के जरिए की गई है, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार बादशाह का एक संस्करण खुद को परफेक्ट रैप सुप्रीमो बताता है। इसके बाद असली बादशाह की एंट्री होती है और वह कहते हैं, “प्रॉम्प्ट से तो नहीं हो पाएगा! हसल 5 गाइज, लेट्स कीप इट रियल।”

बादशाह ने अपनी वापसी पर कहा कि आज तकनीक बहुत कुछ दोबारा बना सकती है, लेकिन किसी कलाकार की भावनाओं, उसकी मेहनत और उसकी सच्चाई की बराबरी नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि यही ‘हसल’ की असली पहचान है और वह एक बार फिर मंच पर लौटकर नए और प्रतिभाशाली कलाकारों की खोज को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “मैं हसल 5 के मंच पर लौटकर बेहद उत्साहित हूं, जहां मैं अगली पीढ़ी के निडर और अपनी संस्कृति से जुड़े कलाकारों को खोजूंगा।” निर्माताओं के अनुसार, ‘हसल 5’ में देशभर के उभरते हुए रैप कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। शो का उद्देश्य रैप संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ नए कलाकारों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। ‘हसल 5’ का प्रसारण आठ अगस्त से जियोहॉटस्टार और एमटीवी इंडिया पर प्रत्येक शनिवार और रविवार शाम सात बजे किया जाएगा।

.....

Next Post

द्रोणाचार्य का किरदार निभाकर गुरु के महत्व को और गहराई से समझा : जितेन लालवानी

Tue Jul 21 , 2026
मुंबई, 21 जुलाई (वार्ता) सोनी सब के धारावाहिक ‘हस्तिनापुर के वीर’ में द्रोणाचार्य की भूमिका निभा रहे अभिनेता जितेन लालवानी का कहना है कि एक सच्चा गुरु केवल कौशल नहीं सिखाता, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, मूल्यों और आत्मविश्वास को भी आकार देता है।जितेन लालवानी ने अपने किरदार के बारे में […]

You May Like