इंदौर:रोमांचक मुकाबले में इंदौर रॉयल्स ने रतलाम राइडर्स को 30 रन से हराकर डीआरएम क्रिकेट कप-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया. फाइनल मैच रविवार रात पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के आरपीएफ क्रिकेट मैदान पर खेला गया.टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंदौर रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए. टीम की ओर से सुरेन्द्र मालवीय ने 62 रन और माधव सक्सेना ने 46 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. रतलाम राइडर्स के शक्ति सिंह और अनिल पाल ने दो-दो विकेट हासिल किए.
159 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रतलाम राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे. शकील शाह 32 रन और हेमंत यादव 23 रन ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम 129 रन पर सिमट गई और इंदौर रॉयल्स ने मुकाबला 30 रन से जीत लिया. प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए सुरेन्द्र मालवीय को मैन ऑफ द मैच चुना गया. हेमंत यादव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और प्रमोद सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार मिला.
समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार और खेलकूद संघ के सचिव पीयूष पाण्डेय ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की.प्रतियोगिता में रतलाम, इंदौर, उज्जैन, चित्तौड़गढ़ और दाहोद सहित आठ टीमों ने हिस्सा लिया. विशेष बात यह रही कि सभी मुकाबले फ्लडलाइट्स की रोशनी में खेले गए और पहली बार प्रतियोगिता शहरवार टीमों के बीच आयोजित की गई
