युवक ने थाने में पेट्रोल डालकर किया आत्मदाह, गंभीर रूप से झुलसा

ग्वालियर। युवक ने हजीरा थाने के सामने खुद को आग लगा ली। बिरला नगर के लाइन नंबर एक निवासी 30 वर्षीय आकाश तिवारी ने यह कदम उठाया। आकाश के परिवार में पत्नी आरती, एक बेटा और एक बेटी है। वह टमटम चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। आकाश तिवारी के घर में पिछले लगभग 9 सालों से उसका जीजा शिव शंकर पाठक और बहन भारती पाठक कब्जा करके रह रहे हैं। इसी को लेकर आकाश और उनके बीच कई बार विवाद हो चुका है। करीब 7 महीने पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था जिसमें आकाश तिवारी और उसकी पत्नी आरती ने मारपीट और छेड़छाड़ की शिकायत हजीरा थाने में दर्ज कराई थी।

इसके बाद शिव शंकर पाठक ने खुद को चोट पहुंचाकर आकाश तिवारी के खिलाफ झूठा केस दर्ज करा दिया था। इतना ही नहीं, शिव शंकर बगल में रहने वाले अपने मित्र के साथ मिलकर आए दिन आकाश से झगड़ा और मारपीट करता था। इन्हीं शिकायतों को लेकर आकाश तिवारी आज फिर थाने पहुंचा था लेकिन थाने में सुनवाई न होने के कारण उसने त्रस्त होकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस बुलाई। आकाश को जयारोग्य अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है।

आकाश की पत्नी आरती तिवारी ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से उसके बहनोई शिव शंकर पाठक और ननद भारती तिवारी उन्हें लगातार परेशान कर रहे थे। इसी कारण उनके पति थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने गए थे। उनका आरोप है कि शिव शंकर पाठक और उसका मित्र उनके साथ गलत व्यवहार कर रहे थे और अनुचित इरादे से संपर्क कर रहे थे। आरती ने यह भी बताया कि शिव शंकर कानपुर का निवासी है और उनका मकसद उनके घर पर कब्जा जमाकर उसे बेचना था।

एडिशनल एसपी कृष्णा लालचंदानी ने बताया कि आकाश तिवारी नामक व्यक्ति थाने में आया था। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर यह प्रतीत होता है कि उसने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाई है। उसका अपनी बहन और बहनोई से विवाद चल रहा था और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज करवा रखी है, जिन पर चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।

आकाश तिवारी को तत्काल जयारोग्य अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। युवक की फिलहाल हालत गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल ले जाते समय घायल आकाश ने बताया कि उसके जीजा और बहन मकान बेचने का दबाव बना रहे थे, इसी कारण उसने यह कदम उठाया।

Next Post

दतिया की बावड़ी में नहाते समय युवक डूबा, गोताखोरों ने निकाला शव

Thu Jul 24 , 2025
दतिया। रत्नसेठ की बावड़ी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बावड़ी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतक की शादी हो चुकी थी और उसका एक डेढ़ साल का बेटा है। युवक की […]

You May Like