आरोन:जिले की आरोन कृषि उपज मंडी में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब मक्का की बोली अचानक गिरकर 1600 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास पहुंच गई। एक दिन पहले ही कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल की मौजूदगी में यही भाव 2300 रुपये तक पहुंचा था। एक ही दिन में भाव में आई भारी गिरावट से नाराज किसानों ने आरोन-सिरोंज स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
सुबह बोली शुरू होते ही जब किसानों को कम भाव का पता चला, तो उन्होंने इसे मंडी में पारदर्शिता की कमी बताया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में किसान सिरोंज रोड पर इकट्ठा हो गए। चक्काजाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीएम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा किसानों से बातचीत कर स्थिति शांत करने का प्रयास किया।
गौरतलब है कलेक्टर के निरीक्षण में मक्का का भाव अप्रत्याशित रूप से बढ़ा था। किसानों का कहना है कि कलेक्टर के जाने के बाद व्यापारी फिर से अपनी मनमर्जी से भाव तय कर रहे हैं। चक्काजाम के दौरान किसानों ने स्थिर और पारदर्शी नीलामी व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
