
दतिया। रत्नसेठ की बावड़ी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बावड़ी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतक की शादी हो चुकी थी और उसका एक डेढ़ साल का बेटा है। युवक की पहचान सौरभ कुशवाहा निवासी बक्सी नगर, आईटीआई कॉलेज के रूप में हुई है। वह जिला अस्पताल की पार्किंग में एक ठेकेदार के अधीन कार्य करता था। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि सौरभ अपने दोस्त राहुल कुशवाहा, प्रदीप कुशवाहा, नितिन झा समेत अन्य के साथ रत्नसेठ की बगिया में स्थित बावड़ी में नहाने गया था। इसी दौरान नहाते समय वो पानी में डूब गया। घटना के बाद उसके साथ गए दोस्तों ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही परिजनों को खबर दी। सभी लोग मौके से लौट आए। जब सौरभ घर नहीं पहुंचा तो उसे फोन लगाया, जिसे किसी पुलिसकर्मी ने उठाया और हादसे की जानकारी दी। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
