नयी दिल्ली, 14 मई (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने गुरुवार को कहा कि राजधानी में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी कांग्रेस पदाधिकारियों की है और इसके लिए जवाबदेही तय होना भी आवश्यक है।
श्री यादव ने यहां राजीव भवन में आयोजित बैठक में दिल्ली कांग्रेस के नवनियुक्त उपाध्यक्षों और महासचिवों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सभी वर्गों और अग्रिम संगठनों को साथ लेकर काम करना होगा। बैठक में 12 उपाध्यक्षों और 26 महासचिवों ने केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कांग्रेस को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि नए जिला, ब्लॉक अध्यक्षों और पर्यवेक्षकों की नियुक्ति से संगठन पहले से अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के मुद्दों को लगातार उठाने और भाजपा व आम आदमी पार्टी की विफलताओं को उजागर करने का आह्वान किया।
इस दौरान महासचिव (संगठन) अनिल भारद्वाज ने कहा कि पिछले दो वर्षों में देवेंद्र यादव के नेतृत्व में दिल्ली कांग्रेस को नयी दिशा मिली है, जिसका दीर्घकालिक प्रभाव दिखाई देगा।
बैठक में युवाओं और महिलाओं को अधिक प्रतिनिधित्व देने पर भी जोर दिया गया।
