
ग्वालियर। सातवीं माधवराव सिंधिया मेमोरियल टी-20 व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट की चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतने वाली मध्यप्रदेश व्हीलचेयर क्रिकेट टीम ने संस्था के मुख्य संरक्षक एवं भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशीष प्रताप सिंह राठौड़ के नेतृत्व में नईदिल्ली स्थित संचार मंत्रालय में केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को खिलाड़ियों की गतिविधियों से अवगत कराकर टूर्नामेंट के विषय में जानकारी दी। इसके बाद मध्यप्रदेश टीम के कप्तान कबीर सिंह भदौरिया एवं व्हीलचेयर एसोसिएशन मध्यप्रदेश के अध्यक्ष जंडेल सिंह धाकड़ को ट्रॉफी जीतने पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बधाई देते हुए कहा कि दिव्यांग व्यक्तियों के लिए खेल एक महत्वपूर्ण उपकरण है, जो उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक कल्याण में सुधार कर सकता है। सरकार, गैर सरकारी संगठनों और समाज को मिलकर काम करके दिव्यांग व्यक्तियों के लिए खेलों में भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। यह न केवल उनके जीवन को बेहतर बनाएगा, बल्कि एक अधिक समावेशी और न्यायसंगत समाज के निर्माण में भी मदद करेगा।
