भाेपाल, 10 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश के सीधी जिले में हुए एक भीषण हादसे में आठ यात्रियों की मृत्यु के मामले में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मृतकों और घायलों के लिए राहत राशि की घोषणा की है।
डॉ यादव ने एक्स पोस्ट में कहा कि सीधी जिले के उपनी गांव के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में मैहर माता के दर्शन करने जा रहे यात्री वाहन और ट्रक की भयानक टक्कर में आठ यात्रियों की असामयिक दर्दनाक मृत्यु का अत्यंत ही दुःखद समाचार मिला है। देर रात जिला एवं पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों के इलाज का इंतजाम किया, साथ ही गंभीर घायल यात्रियों को रीवा रेफर किया गया है।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि, गंभीर घायलों को 1-1 लाख रुपए एवं सामान्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए हैं।
