कांग्रेस ने सरकार को चार मोर्चों पर घेरने का बनाया मास्टर प्लान

रतलाम। प्रदेश की राजनीति में सियासी तापमान बढ़ाने की तैयारी करते हुए कांग्रेस ने अब सडक़ से लेकर डिजिटल प्लेटफॉर्म तक सरकार को घेरने की रणनीति बना ली है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर रतलाम में जिला कांग्रेस और शहर कांग्रेस की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवाओं, किसानों, आम नागरिकों और भ्रष्टाचार को केंद्र में रखकर चरणबद्ध जनआंदोलन का ऐलान किया गया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत और शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने कहा कि कांग्रेस का आगामी अभियान केवल विरोध तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सरकार की जवाबदेही तय कराने के उद्देश्य से प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाया जाएगा।

हर्ष विजय गहलोत ने आरोप लगाया कि नीट और सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रभावित विद्यार्थियों को समय पर न्याय नहीं मिला, इसलिए कांग्रेस अब ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए विद्यार्थियों के बीच जाकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय की मांग करेगी। किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस ने सरकार को घेरते हुए कहा कि खरीफ सीजन के बीच डीएपी, यूरिया और अन्य उर्वरकों की कमी से किसान परेशान हैं। कई स्थानों पर डीएपी उपलब्ध नहीं है, जबकि एनपीके अधिक कीमत पर बेची जा रही है। टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। खाद की कालाबाजारी और पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से बुवाई प्रभावित हो रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने महाकाल लोक परियोजना के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सार्वजनिक धन के उपयोग की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। इसके साथ ही अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदे और कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की भी पारदर्शी जांच की मांग की।

कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक नया डिजिटल अभियान शुरू करने की भी घोषणा की। प्रदेश स्तर पर जल्द ही एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां आम नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग और कथित अवैध संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज और जानकारी गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगे। पार्टी का दावा है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी और तथ्यों के सत्यापन के बाद ही जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

 

जेन जी साइक्लोथॉन’ निकाली जाएगी

 

प्रदेश कांग्रेस के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष हर्षविजय गहलोत एवं शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने बताया कि प्रदेश में छात्रों की गूंज ‘अभियान चलाया जाएगा।14 एवं 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक जेन जी साइक्लोथॉन’ निकाली जाएगी।15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा। जुलाई के अंतिम सप्ताह में विशाल जनआंदोलन एवं रैली आयोजित होगी।

Next Post

महिला टीचर से दुष्कर्म करने वाले छात्र को दस साल की सजा

Fri Jul 3 , 2026
जबलपुर। शिक्षा का रिश्ता विश्वास पर टिका होता है, लेकिन जब वही विश्वास अपराध में बदल जाए तो कानून भी कठोर संदेश देता है। ट्यूशन पढऩे आने वाले छात्र द्वारा महिला शिक्षिका से दुष्कर्म किए जाने के छह वर्ष पुराने मामले में जबलपुर जिला सत्र न्यायालय ने आरोपित को 10 […]

You May Like