सैफ की हालत स्थिर, घर में लूटपाट के दौरान हुए थे घायल

मुंबई, 16 जनवरी (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान यहां बांद्रा स्थित अपने घर पर एक घुसपैठिए द्वारा चाकू मारे जाने के बाद घायल होकर अस्पताल में भर्ती हुए थे जहां अब वह ठीक हो रहे हैं और उनकी हालत स्थिर है।

इस बीच पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है।

अस्पताल के मुख्य संचालन अधिकारी डॉ. नीरज उत्तमणि ने मीडियाकर्मियों से कहा कि मुंबई स्थित उनके आवास पर एक चोर लुटपाट करने के लिए घुसा और उन्हें चाकू घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके बाद खान को आज तड़के 3.30 बजे लीलावती अस्पताल में भर्ती किया गया।

उन्होंने आगे कहा कि “सैफ अली खान को आज तड़के 3.30 बजे लीलावती अस्पताल लाया गया। उन्हें छह चाकू के घाव लगे हैं, जिनमें से दो गहरे हैं। एक चोट उसकी रीढ़ के करीब है। हम उसका ऑपरेशन कर रहे हैं। उनका ऑपरेशन न्यूरोसर्जन नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन लीना जैन और एनेस्थेटिस्ट निशा गांधी कर रहे हैं।”

सर्जन डॉ. नितिन डांगे ने कहा कि “चाकू निकालने और लीक हो रहे रीढ़ के तरल पदार्थ को ठीक करने के लिए सर्जरी की गई क्योंकि खान के सीने की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई थी।”

डॉ. डांगे ने कहा कि “खान की हालत अब पूरी तरह स्थिर है और उसमें सुधार हो रहा हैं और पूरी तरह से खतरे से बाहर हैं। हम कल सुबह उन्हें आईसीयू से बाहर निकाल देंगे।”

इस बीच, मुंबई पुलिस ने उस आरोपी की पहचान कर ली है जिसने अभिनेता के घर में घुसने के लिए आग से बचने वाली सीढ़ी का उपयोग किया था।

मुंबई पुलिस के जोन-नौ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दीक्षित गेदाम ने संवाददाताओं से कहा , “यह पता चला है कि आरोपी उनके घर में घुसने के लिए आग से बचने वाली सीढ़ी का उपयोग किया था। अब तक जांच से मालूम हुआ है कि यह एक चोरी का प्रयास था। हम आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं। एक बार जब वह गिरफ्तार हो जाएगा, तो हम आगे के विवरण का खुलासा करने में सक्षम होंगे।”

उन्होंने कहा कि एक आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगी हुई हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, घटना से दो घंटे पहले सीसीटीवी फुटेज में कोई बाहरी व्यक्ति नहीं देखा गया। हमलावर सैफ अली खान के छोटे बेटे जेह के कमरे की ओर जा रहा था जब नौकरानी ने चिल्लाना शुरू कर दिया। सैफ वहां पहुंचे और कथित चोर के साथ हाथापाई करने लगे।

मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया कि पुलिस बांद्रा स्थित अपराध शाखा के स्थानीय अधिकारियों के साथ सभी संभावनाओं की जांच कर रही है।

सैप अली खान पत्नी करीना कपूर और दो बेटों तैमूर और जेह के साथ 12वीं मंजिल पर ‘सतगुरु शरण’ बिल्डिंग में रहते हैं।

 

Next Post

कश्मीर घाटी में हुआ ताजा हिमपात

Thu Jan 16 , 2025
श्रीनगर, 16 जनवरी (वार्ता) जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को कश्मीर घाटी के ऊंची चोटियों में और कुछ मैदानी इलाकों में ताजा हिमपात हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पर्यटक स्थल पहलगाम के साथ-साथ अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां, काजीगुंड, डेक्सम, कोकेरनाग और पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला सहित दक्षिण कश्मीर […]

You May Like

मनोरंजन