जबलपुर: शहर विकास को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह ”अन्नू ने सोमवार को जल, स्वास्थ्य एवं लोककर्म विभाग के अधिकारियों के साथ 3 घंटे की मैराथन बैठक की। जिसमें सड़कों के कायाकल्प, जलसंकट और जलप्लावन से मुक्ति के लिए मास्टर प्लान तैयार कर नगर निगम के संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किये। इस दौरान उन्होंने नालियों के अंदर से गुजरने वाली पाइप लाइन को शिफ्ट करने के लिए अलग से 10 करोड़ की विशेष राशि की स्वीकृति प्रदान की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में कहीं भी कोई पाइप लाइन नालियों से न गुजरे इस बात का विशेष ध्यान रखें।
बैठक के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि 28 फरवरी तक सभी विकास कार्यों के लिए टैंडर जारी किए जाएंगे।मतलब साफ है कि 28 फरवरी तक पार्षद, अध्यक्ष और महापौर मद के सभी कार्यों के टैंडर अनिवार्य रूप से जारी कर दिए जाएंगे जिससे निर्माण कार्यों में कोई देरी न हो।
1 मार्च से नई व्यवस्था के साथ होगी सफाई
वहीं 1 मार्च से नई व्यवस्था और अतिरिक्त संसाधनों के साथ शहर में सफाई होगी, जिसमें अमूलचूल परिवर्तन दिखेगा। महापौर के अनुसार सफाई व्यवस्था को हाई-टेक बनाने के लिए अतिरिक्त मशीनों और सफाई मित्रों की संख्या में वृद्धि की जा रही है। इस मौके पर महापौर ये भी दावा किया कि पिछले दो सालों के सफल प्रयासों से शहर में जलसंकट और जलप्लावन की समस्याओं में भारी कमी आई है। बैठक में एम.आई.सी. सदस्य दामोदर सोनी, अंशुल राघवेन्द्र यादव, रजनी कैलाश साहू, निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर आयुक्त अरविन्द शाह, व्ही.एन. बाजपेयी के साथ उपायुक्त, सहायक आयुक्त, अधीक्षण यंत्री एवं सभी कार्यपालन यंत्री, विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहे।
