श्रीनगर, 16 जनवरी (वार्ता) जम्मू-कश्मीर में गुरुवार को कश्मीर घाटी के ऊंची चोटियों में और कुछ मैदानी इलाकों में ताजा हिमपात हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पर्यटक स्थल पहलगाम के साथ-साथ अनंतनाग, कुलगाम, शोपियां, काजीगुंड, डेक्सम, कोकेरनाग और पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला सहित दक्षिण कश्मीर के मैदानी इलाकों में आज ताजा हिमपात हुआ।
रेलवे के एक अधिकारी ने यूनीवार्ता को बताया कि बनिहाल-बडगाम मार्ग पर चलने वाले ट्रेनों के परिचालन को ताजा हिमपात होने के कारण स्थगित कर दिया गया है, बाकी ट्रेनें अपने मार्ग पर समय से चल रही हैं।
श्रीनगर-लद्दाख राजमार्ग पर ज़ोजिला दर्रा, सुरम्य सोनमर्ग, गांदरबल और मध्य कश्मीर के अन्य स्थानों पर भी आज सुबह हिमपात हुआ। इसके अलावा श्रीनगर और इसके आस-पास के इलाकों में बारिश हुई है।
स्वतंत्र मौसम पूर्वानुमानक फैज़ान आरिफ़ ने कहा कि उत्तरी कश्मीर के मैदानी इलाकों के मौसम में कोई बड़ा बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन मध्य कश्मीर के कुछ जगहों पर हल्का हिमपात हो सकता है।
श्रीनगर के मौसम विज्ञान केंद्र ने आज कश्मीर घाटी के अलग-अलग स्थानों और जम्मू संभाग में हल्की बारिश या हिमपात होने का अनुमान जताया है ।
मौसम विभाग के रिपोर्ट के अनुसार 17 से 19 जनवरी तक सामान्यतः बादल छाए रहेंगे तथा कुछ ऊंचे इलाकों पर हल्की बर्फबारी हो सकता है। 18 जनवरी तक मौसम में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 20 और 21 जनवरी को हल्का हिमपात हो सकता है। विभाग ने कहा कि 22 जनवरी को जम्मू के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और कश्मीर घाटी में काफी अधिकतर स्थानों पर हिमपात होने का अनुमान जताया गया है।
इस बीच, आसमान में बादल छाए रहने के कारण रात के तापमान में सुधार होने से ठंड के मौसम की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
श्रीनगर में बुधवार देर रात को न्यूनतम तापमान गिरावट दर्ज की गयी, पिछली रात के शून्य से नीचे 2.5 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले शून्य से नीचे 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो औसत से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान में मामूली सुधार देखा गया। बुधवार के न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.4 डिग्री के मुकाबले गुरुवार को 7.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कई दिनों तक हाड कंपाने वाली ठंड रहने के बाद पहलगाम में पर्यटकों ने रात के तापमान में सुधार देखा और यह पिछले दिन के शून्य से नीचे 8.4 डिग्री सेल्सियस कम के मुकाबले गुरुवारको शून्य से नीचे 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस अवधि के दौरान शेफर्ड घाटी के लिए सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया था।
दक्षिण कश्मीर के कोकेरनाग में पिछली रात के तापमान शून्य से नीचे 4.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 2.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज़ किया गया और इस अवधि के दौरान पिकनिक स्पॉट के लिए यह औसत से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में रात के तापमान में भी सुधार हुआ और एक दिन पहले शून्य से नीचे पांच डिग्री सेल्सियस के मुकाबले आज यहां शून्य से नीचे 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।