जबलपुर: रांझी थाने में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के लिए लाए गए एक आरोपी पर एक महिला ने अचानक हमला करने की कोशिश की। पुलिस ने बीच बचाव किया। महिला ने थाना परिसर में हाईवोल्टेज ड्रामा मचाया। जिसके बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कर लिया है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोपहर करीब 3 बजे थाना रांझी के विवेचना कक्ष में पुलिस टीम एक गंभीर मामले के आरोपी से पूछताछ कर रही थी।
आरोपी सायन चौधरी उर्फ शनि बंगाली 25 वर्ष, निवासी घाना के खिलाफ खमरिया थाने में द र्ज अपराध में गिरफ्तार किया गया था जिससे पूछताछ की जा रही थी तभी घाना क्षेत्र की निवासी प्रीति धंधारिया थाने पहुँची और आरोपी शनि बंगाली से मिलने की जिद करने लगी। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों ने उसे स्पष्ट रूप से बताया कि आरोपी अभी पुलिस अभिरक्षा में है और उससे मुलाकात की अनुमति नहीं दी जा सकती।
चकमा देकर विवेचना कक्ष में घुसी महिला
मना किए जाने के बावजूद प्रीति धंधारिया ने किसी अन्य कार्य का बहाना बनाया और चतुराई से एचसीएम कक्ष की ओर निकल गई। मौका मिलते ही वह अचानक विवेचना कक्ष के अंदर घुस गई और वहाँ बैठे आरोपी शनि बंगाली पर हमले की कोशिश करने लगी। विवेचना कक्ष में मौजूद सउनि मनीष जाटव, सउनि राजेश अहिरवार और सउनि रामा सिंह धुर्वे ने तत्काल बीच-बचाव किया। पुलिसकर्मियों ने महिला को कक्ष से बाहर निकाला, जिससे आरोपी को चोट नहीं आई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
