
झाबुआ। आगामी बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणामों में सुधार एवं उनकी प्रभावी तैयारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर नेहा मीना द्वारा जिले के शासकीय विद्यालयों में संचालित रेमेडियल कक्षाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर ने आज सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, झाबुआ में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की रेमेडियल कक्षाओं का औचक निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों कलेक्टर ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को सुदृढ़ बनाने हेतु जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों में विषयवार रेमेडियल कक्षाएं नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के परिपालन में विद्यालय स्तर पर निरंतर अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर करना है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं की नियमितता, अध्यापन व्यवस्था तथा विद्यार्थियों की सहभागिता का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के समय कलेक्टर ने कक्षा 12वीं की गणित विषय की रेमेडियल कक्षा में उपस्थित होकर शिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से विषय की तैयारी के संबंध में संवाद किया। इसके अतिरिक्त प्री-बोर्ड परीक्षाओं के अंतर्गत आज आयोजित हिन्दी विषय के प्रश्न पत्र को लेकर छात्र-छात्राओं से चर्चा की गई एवं उनके द्वारा दिए गए उत्तरों की समझ और प्रस्तुति के बारे में जानकारी ली गई।
