नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि वैश्विक शांति के लिए परस्पर सांस्कृतिक जुड़ाव सबसे मजबूत गारंटी है।
श्री मोदी ने आज यहां राजधानी के ऐतिहासिक पुराने किले में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि युद्ध और अशांति के बीच सभ्यताओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक सहयोग की आवश्यकता और बढ़ गयी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग सदस्य देशों के संबंधों को और मजबूत करेगा। उन्होंने प्राचीन व्यापार मार्गों, बौद्ध दर्शन, पंचतंत्र, रामायण, गणित, संगीत और स्थापत्य कला के उदाहरण देते हुए बताया कि सदियों से विभिन्न सभ्यताओं के बीच ज्ञान, विचारों और परंपराओं का आदान-प्रदान होता रहा है।
श्री मोदी ने सदस्य देशों से प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण और अनुवाद, साझा शोध परियोजनाओं, संयुक्त प्रदर्शनियों, विश्वविद्यालयों के बीच आदान-प्रदान, सांस्कृतिक पर्यटन और कला उत्सवों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल मंचों की मदद से साझा विरासत को नयी पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने युवाओं, कलाकारों, लेखकों और फिल्म निर्माताओं को सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आपसी विश्वास और सद्भाव के लिए देशों को अपनी साझा विरासत पर ध्यान देना चाहिए। भारत की विविधता को एकता का आधार बताते हुए उन्होंने वसुधैव कुटुंबकम् की भावना को वैश्विक कल्याण का मार्ग बताया।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंच सांस्कृतिक सहयोग के नए अवसर पैदा करेगा और दुनिया को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।
वैश्विक शांति के लिए सांस्कृतिक जुड़ाव सबसे मजबूत गारंटी: मोदी
