नयी दिल्ली, 20 नवंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चीनी के दाम एक बार फिर बढ़ गए। गेहूं और दालों में भी तेजी रही जबकि चावल के भाव गिर गए। वहीं, खाद्य तेलों में घटबढ़ देखी गई।
मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 10 रुपये बढ़कर 5,654 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। गुड़ भी पांच रुपये महंगा हुआ और 6,025 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत आठ पैसे बढ़कर 60.82 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 30 रुपये घटकर 4,362 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। गेहूं सात रुपये चढ़कर 2,959 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। आटे का भाव 15 रुपये बढ़ा।
दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत 41 रुपये और चना दाल की 20 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। उड़द दाल दो रुपये महंगी हुई। मूंग दाल और मसूर दाल की कीमत लगभग स्थिर रही।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में फरवरी का पाम ऑयल वायदा 116 रिंगिट टूटकर 4,217 रिंगिट प्रति टन रह गया। जनवरी का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.55 प्रतिशत गिरकर 59.97 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सरसों तेल की औसत कीमत 73 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई। अन्य तेलों में गिरावट रही। मूंगफली तेल 74 रुपये और सूरजमुखी तेल 46 रुपये फिसल गया। सोया तेल में 11 रुपये की गिरावट रही। वनस्पति और पाम ऑयल चार-चार रुपये टूट गए।
