
जबलपुर। चलती ट्रेन में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों को डराने-धमकाने और ठगी करने का मामला सामने आया है। गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस काशी एक्सप्रेस (15018) में यात्रियों के टिकट जांचने के बहाने दबाव बनाने वाले आरोपी को जबलपुर मंडल की आरपीएफ एस्कॉर्ट पार्टी ने पिपरिया स्टेशन के पास पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची एस्कॉर्ट पार्टी
19-20 नवंबर की दरमियानी रात करीब 2:10 बजे जब आरपीएफ की एस्कॉर्ट पार्टी जबलपुर से इटारसी तक ड्यूटी पर थी। इसी दौरान सेकेंड जनरल कोच में एक व्यक्ति के टीटीई बनकर टिकट जांचने की सूचना मिली। हेड कांस्टेबल राजवीर और कांस्टेबल मुकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान अनिल कुमार महोबिया के रूप में हुई। वह करेली स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। उसके पास रेलवे का पहचान पत्र और ड्यूटी से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला।
यात्रियों को धमकाकर बना रहा था दबाव
यात्रियों ने बताया कि आरोपी उन्हें नींद से जगाकर टिकट मांग रहा था और टिकट नहीं दिखाने पर अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी दे रहा था। आरपीएफ ने इटारसी में संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर आरोपी को क्षेत्राधिकार के अनुसार जीआरपी थाना गाडरवारा के सुपुर्द कर दिया। आरोपी नरसिंहपुर जिले के बरमान कलां स्थित शारदा कॉलोनी का निवासी है।
