सीधी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत प्रांगण सिहावल में आयोजित भव्य सामूहिक विवाह एवं निकाह समारोह सांसद डॉ.राजेश मिश्रा के मुख्य आतिथ्य, विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में 83 जोड़ों का विवाह एवं 6 जोड़ों का निकाह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। आचायो्रं द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराए गए। पूरे आयोजन में पारम्परिक उल्लास, सांस्कृतिक गरिमा एवं सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। सभी नवदम्पत्तियों को शासन द्वारा प्रदान की जाने वाली 49-49 हजार रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। सांसद डॉ.मिश्रा ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना समाज के कमजोर एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे महत्वपूर्ण संस्कार को सम्मानजनक और सहज बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने नवदम्पत्तियों से आह्वान किया कि वे नशामुक्त जीवन अपनाएं, परिवार की जिम्मेदारियों को समझें और आपसी प्रेम, विश्वास एवं संस्कारों के साथ अपने जीवन की नई शुरुआत करें। विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह एवं निकाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी और अभिनव पहल है। पहले जहां बेटियों के विवाह को लेकर परिवारों में चिंता रहती थी, वहीं अब इस योजना ने उस चिंता को काफी हद तक दूर किया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कानून एवं संविधान के दायरे में रहकर अपने जीवन को आगे बढ़ाएं और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें।
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे अपने वैवाहिक जीवन को प्रेम, समझदारी और आपसी सहयोग से आगे बढ़ाएं तथा समाज के लिए प्रेरणा बनें।
००
सीधी जिला जनगणना के लिये पूरी तरह है तैयार
मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना अंतर्गत सिहावल में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान सांसद डॉ.राजेश मिश्रा द्वारा जनगणना 2027 की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर नवदम्पत्तियों सहित उपस्थित सभी नागरिकों ने जनगणना की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। शपथ के माध्यम से सभी ने यह प्रतिबद्धता व्यक्त की कि वे जनगणना के दौरान सही एवं सटीक जानकारी प्रदान करेंगे, अपने आसपास के लोगों को इसके प्रति जागरूक करेंगे तथा जनगणना को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग देंगे। जनभागीदारी को सशक्त आधार मानते हुए सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि सीधी जिला जनगणना को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
००
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, उपखंड अधिकारी सिहावल राजेश शुक्ला, अतिरिक्त सीईओ धनंजय मिश्रा, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, बीडीओ रश्मि पाण्डेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास प्रवेश मिश्रा, सरपंच मुन्नी प्रजापति सहित नवविवाहित जोड़े, उनके परिजन एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
