मसाला निर्माण इकाइयों पर छापे, हजारों किलो स्टॉक जब्त

इंदौर:खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संभागीय खाद्य उड़नदस्ता, इंदौर ने जिले की विभिन्न मसाला निर्माण इकाइयों पर छापामार कार्रवाई की. इस दौरान कुल 9 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए, जबकि संदेहास्पद पाए गए 3396 किलोग्राम मसालों का स्टॉक जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया.

आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के निर्देश पर प्रदेशभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए संभागीय खाद्य उड़नदस्तों का गठन किया गया है. इसी क्रम में इंदौर संभाग में मसालों में संभावित मिलावट की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. उड़नदस्ते ने खंडवा रोड स्थित कैलोद करताल क्षेत्र के राठौर ट्रेडर्स का निरीक्षण किया, जहां मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर का निर्माण होते पाया गया. यहां से मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, खड़ा धनिया और धनिया दाल के कुल चार नमूने जांच के लिए लिए गए.

इसके बाद खंडवा रोड स्थित सौरभ स्पाइसेस प्राइवेट लिमिटेड में निरीक्षण के दौरान हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर और राई दाल के तीन नमूने लिए गए. कार्रवाई के दौरान एच.के. फूड का भी निरीक्षण किया गया, जहां से मिर्च पाउडर और नूडल्स मसाला के दो नमूने संग्रहित किए गए. निरीक्षण में संदेहास्पद खाद्य सामग्री पाए जाने पर लगभग 998 किलोग्राम मिर्च पाउडर, जिसकी अनुमानित कीमत 2.99 लाख रुपये है, तथा 2398 किलोग्राम नूडल्स मसाला, जिसकी अनुमानित कीमत 5.99 लाख रुपये है, जप्त किया गया। इस प्रकार कुल 3396 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत 8.98 लाख रुपये है, सुरक्षित अभिरक्षा में ली गई.

प्रयोगशाला भेजे गए नमूने
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. कार्रवाई दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एच.एल. अवास्या, धर्मेंद्र कुमार सोनी, राहुल सिंह अलावा और सुभाष खेड़कर शामिल रहे

Next Post

देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर यात्री को घबराहट, तुरंत मिला उपचार

Sun May 31 , 2026
इंदौर: देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर शुक्रवार रात एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से घबराहट और बेचैनी बढ़ गई. हालांकि एयरपोर्ट की त्वरित मेडिकल प्रतिक्रिया के चलते स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई और यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिल गई.जानकारी के अनुसार, 47 वर्षीय बृजेश […]

You May Like