इंदौर: देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर शुक्रवार रात एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने से घबराहट और बेचैनी बढ़ गई. हालांकि एयरपोर्ट की त्वरित मेडिकल प्रतिक्रिया के चलते स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई और यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद राहत मिल गई.जानकारी के अनुसार, 47 वर्षीय बृजेश शुक्ला रात इंडिगो की फ्लाइट से पुणे जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे.
वे प्रस्थान से पहले लाउंज में बैठे हुए थे, तभी अचानक उन्हें चक्कर, घबराहट, मतली और कमजोरी महसूस होने लगी.स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद एयरपोर्ट स्टाफ ने तुरंत सीआईएसएफ कंट्रोल रूम को सूचित किया, जिसके बाद मेडिकल टीम को मौके पर बुलाया गया। यात्री को तत्काल एयरपोर्ट स्थित मेडिकल इमरजेंसी रूम में ले जाकर जांच की गई.
डॉक्टरों द्वारा की गई प्राथमिक जांच में उनका ब्लड प्रेशर, पल्स रेट, ऑक्सीजन लेवल और शरीर का तापमान सामान्य पाया गया. इसके बाद उन्हें आवश्यक दवाइयां और प्राथमिक उपचार दिया गया, जिससे उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ. कुछ देर आराम और चिकित्सकीय सलाह के बाद यात्री को सुरक्षित रूप से अपनी निर्धारित फ्लाइट के लिए रवाना कर दिया गया.
