सिंगरौली: जिले में वर्ष 2023 से 2025 के बीच निर्मित एक सैकड़ा से अधिक स्टॉप डैम के क्षतिग्रस्त होने का मामला एक बार फिर चर्चा में है। देवसर और चितरंगी विकासखंड की कई ग्राम पंचायतों में बने ये डैम पहली ही बारिश में प्रभावित हो गए, जिससे निर्माण की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार वर्ष 2020 से 2025 के बीच जिला पंचायत द्वारा परफॉर्मेंस मद से बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों में स्टॉप डैम और चेक डैम स्वीकृत किए गए थे। कई पंचायतों में एक से अधिक डैम बनाए गए। इसी दौरान स्वीकृत परियोजनाएं चर्चा का विषय भी बनी रहीं।
देवसर के नौढ़िया और चितरंगी के पराई सहित अन्य ग्राम पंचायतों में बने कई स्टॉप डैम शुरुआती बारिश में ही क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों द्वारा इस संबंध में जनसुनवाई और जिला पंचायत स्तर पर शिकायतें भी दर्ज कराई गईं। हालांकि, शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई न होने से स्थानीय स्तर पर असंतोष की स्थिति बनी रही।वर्तमान जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे ने इस मामले पर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी हाल ही में मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पिछले कुछ वर्षों में बने स्टॉप डैम की पहचान कर तकनीकी आधार पर जांच कराई जाएगी और जहां भी कमी पाई जाएगी, वहां आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डैम की क्षमता बढ़ाने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।अब यह देखना होगा कि प्रस्तावित जांच के बाद स्थिति कितनी स्पष्ट होती है और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
