जादू टोने की शंका में भाई की हत्या

खरगोन, 09 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र के सुलगांव में आज एक व्यक्ति ने जादू टोने की शंका में अपने छोटे भाई की हत्या कर दी और भतीजे को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार 65 वर्षीय भूरे सिंह को उसके छोटे भाई सुरेश (50) की हत्या और भतीजे त्रिलोक को गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। भूरे सिंह को शंका थी कि उसके बड़े भाई गोविंद और छोटे भाई सुरेश के जादू टोने के चलते उसकी पत्नी और दो पुत्रों की असमय मृत्यु हो गई और उसके ट्यूबवेल का पानी सूख गया। इसके अलावा खेत में से रास्ता जाने को लेकर भी विवाद था।

आज सुबह सुरेश चारा लेकर घर लौट रहा था, तभी घात लगाए बैठे भूरे सिंह ने कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद दुपहिया वाहन से जा रहे बड़े भाई गोविंद के पुत्र त्रिलोक पर भी जानलेवा हमला किया। त्रिलोक ने किसी तरह अपने छोटे भाई दिलीप को सूचना दी और इसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां सुरेश को मृत घोषित कर दिया गया।

Next Post

गरीब परिवारों के लिए वरदान है मुख्यमंत्री कन्यादान योजना: शुक्ल

Sun Feb 9 , 2025
रीवा, 09 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान है। गरीब परिवार की बेटियों की शादी की समस्त जिम्मेदारी सरकार की है, प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं की जाती हैं और धूमधाम से कन्याओं का विवाह/निकाह होता है। रीवा […]

You May Like