
सिंगरौली । शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बालक बैढ़न में किए गए औचक निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद चार शिक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केंद्र सिंगरौली ने मंगलवार को दोपहर 3:15 बजे विद्यालय का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला। साथ ही छात्र उपस्थिति पंजी भी तैयार एवं संधारित नहीं पाए जाने पर माध्यमिक शिक्षक रामाधार बियार तथा साधना शाह के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि यह कृत्य शासकीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही एवं अनुशासनहीनता को दर्शाता है। वहीं शिक्षक बसंत कुमार पाण्डेय निरीक्षण के समय बिना पूर्व सूचना एवं अवकाश स्वीकृत कराए अनुपस्थित पाए गए। दूसरी ओर माध्यमिक शिक्षक श्रद्धा पाण्डेय उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर करने के बाद विद्यालय से अनुपस्थित मिलीं। विभाग ने माना है कि इनकी अनुपस्थिति से शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने चारों शिक्षकों को तीन दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो मध्यप्रदेश सिविल सेवा वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभागीय कार्रवाई के इस कदम को शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
००००००
