
नामली। थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 30 लाख रुपये मूल्य का माल भरा ट्रक चोरी होने के महज चार घंटे के भीतर बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक सलामुद्दीन खान निवासी नूंह, हरियाणा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे इंदौर से उदयपुर की ओर माल लेकर जा रहा था। रास्ते में वह बड़ौदा चौकी के सामने स्थित एक ढाबे पर भोजन करने के लिए रुका। चालक के भोजन कर लौटने पर ट्रक मौके से गायब मिला। ट्रक में लगभग 30 लाख रुपये मूल्य का माल भरा हुआ था।
घटना की सूचना तत्काल नामली थाने को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार के निर्देशन में सब इंस्पेक्टर कमल कुमार पटेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और ट्रक की तलाश शुरू की गई।
पुलिस ने ट्रक में लगे जीपीएस सिस्टम की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की। प्रारंभिक लोकेशन जावरा की ओर मिली, लेकिन बाद में ट्रक वापस नामली क्षेत्र के 12 पत्थर के पास पहुंच गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष पिता कालू सिंगर निवासी ग्राम बांकी, थाना शिवगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने देर रात करीब 3 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया ट्रक और उसमें भरा माल सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार ट्रक राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी प्रवीण कुमार बियानी का है, जिसे चालक सलामुद्दीन खान चला रहा था। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। नामली पुलिस की तत्परता से बड़ी आर्थिक क्षति टल गई और चोरी की वारदात का शीघ्र खुलासा हो गया।
