नहर में फंसा तेंदुआ; बकरे के लालच में पिंजरे में कैद हुआ 

सीहोर। बीती रात इछावर तहसील के ग्राम निपानिया सिक्का के तालाब की नहर में घुसे तेंदुए को रात भर की मशक्कत के बाद आखिरकार वन विभाग के अमले ने पिंजरे में कैद कर ही लिया. हालांकि तेंदुए को पिंजरे तक लाने के लिए बकरा बांधा गया था. सुबह तेंदुए को नादान के जंगल में छोड़ दिया गया. उसके बाद ही भयभीत ग्रामीणों व वन विभाग के अधिकारियों ने राहत की सांस ली.

उल्लेखनीय है कि बीती शाम लगभग चार बजे इछावर तहसील के ग्राम निपानिया सिक्का के तालाब के पास इरशाद पठान अपने खेत में तरबूज की फसल में सिंचाई कर रहे थे. तभी उनकी नजर तालाब की नहर में घुस रहे तेंदुए पर पड़ गई. यह देखकर वह भयभीत तो हुए लेकिन सूझबूझ का परिचय देते हुए अपने पिता के साथ मिलकर नहर के मुहाने पर वजनी पत्थर रख दिया जिससे तेंदुआ नहर के पाईप में ही फंसकर रह गया.

देर रात आष्टा तहसील मुख्यालय से पिंजरा बुलवाकर तेंदुए को पकडऩे की योजना बनाई. इस दौरान एसडीओ अल्विन बर्मन, सीहोर रेंजर राजेश चौहान, इछावर रेंजर विरेन्द्र सिंह बिसोरिया, डिप्टी रेंजर दीपक बेदी, प्रदीप विश्वकर्मा, कमलेश वर्मा व वन विभाग का अन्य अमला मौजूद था. रात को पिंजरे में एक बकरा बांधा गया. इन सब कवायदों के बाद आखिरकार सुबह पांच बजे तेंदुआ बकरे का शिकार करने जैसे ही पिंजरे में आया, उसका दरवाजा बंद हो गया. पिंजरे में तेंदुए को फंसा देखकर वन विभाग के अमले व वहां मौजूद ग्रामीणों ने हर्ष का इजहार किया.

Next Post

नपा के दावों को धता बता रही शहर में पसरी गंदगी

Fri May 16 , 2025
आष्टा. नगरपालिका अध्यक्ष, उनके प्रतिनिधि और सीएमओ द्वारा शहर को स्वच्छ रखने के जो दावे किए जा रहे हैं, उनकी कलई खोलने नगर में पसरी गंदगी काफी है. जगह- जगह लगे गंदगी व कूड़े के ढेर नपा की कार्यप्रणाली को बयां कर रहे हैं.नपा के जिम्मेदार शहर में पर्याप्त सफाई […]

You May Like