दुबई, 15 मई (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान पर बंगलादेश के खिलाफ मीरपुर में पहले टेस्ट में धीमी ओवर-गति के लिए मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के आठ अंक काटे गए हैं। आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी के जेफ क्रो ने यह जुर्माना तब लगाया जब पाकिस्तान को निर्धारित समय सीमा से आठ ओवर कम फेंकने का दोषी पाया गया। आईसीसी कोड ऑफ़ कंडक्ट फॉर प्लेयर्स एंड प्लेयर सपोर्ट स्टाफ के आर्टिकल 2.22 के अनुसार, जो न्यूनतम ओवर-गति अपराधों से संबंधित है, खिलाड़ियों पर उनकी टीम द्वारा तय समय में हर ओवर कम फेंकने पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
इसके अलावा, आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्लेइंग कंडीशंस के आर्टिकल 16.11.2 के अनुसार, एक टीम पर हर ओवर कम फेंकने पर एक अंक का जुर्माना लगाया जाता है। नतीजतन, पाकिस्तान के कुल पॉइंट्स में से आठ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अंक काट लिए गए हैं। पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने जुर्म कबूल कर लिया और प्रस्तावित सजा मान ली, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की ज़रूरत नहीं पड़ी। मैदानी अंपायर रिचर्ड केटलबोरो और कुमार धर्मसेना, थर्ड अंपायर अल्लाहुद्दीन पालेकर और फोर्थ अंपायर गाज़ी सोहेल ने आरोप लगाए।

