सतना: मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश के किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए मूंग एवं उड़द उपार्जन की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब किसान मूंग उपार्जन के लिए 10 अगस्त तक स्लॉट बुक कर सकेंगे, जबकि मूंग और उड़द की सरकारी खरीद 20 अगस्त तक जारी रहेगी।
सरकार ने उड़द उत्पादक किसानों को अधिक से अधिक राहत देते हुए समर्थन मूल्य के साथ ₹600 प्रति क्विंटल बोनस देने का निर्णय भी लिया है। इस फैसले से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा और आर्थिक लाभ में बढ़ोतरी होगी। तिथि बढ़ाए जाने से अधिक से अधिक किसान अपनी उपज का पंजीकरण और विक्रय कर सकेंगे। वहीं, बोनस की घोषणा से उड़द की खेती करने वाले किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मूंग की खरीदी अपने अंतिम चरण पर
जिले में मूंग की खरीदी अपने अंतिम चरण पर है अभी तक जिले में सिर्फ सरकारी खरीदी के अनुमान के हिसाब से 40 प्रतिशत ही खरीदी हो पाई है। शुरुआत में शासन द्वारा 1 एकड़ में सिर्फ 80 किलोग्राम मूंग की खरीदी का ही नियम तय किया गया था। इस सीमित सीमा के कारण किसान अपनी उपज का एक छोटा हिस्सा ही समर्थन मूल्य पर बेच पा रहे थे और बाकी बची हुई फसल को उन्हें मजबूरी में निजी व्यापारियों को बेचना पड़ रहा था। किसानों की लगातार मांग और विरोध के बाद प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए इस सीमा को बढ़ाकर ढाई क्विंटल 250 किग्रा प्रति एकड़ कर दिया।
