
ग्वालियर। उपनगर मुरार के सदर बाजार में आज सोमवार दोपहर बाद नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। बाइक से आए बदमाशों ने हवा में पिस्तौल और कट्टे लहराते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। सर्राफा कारोबारी महावीर जैन की दुकान को टारगेट कर गोलियां चलाई गईं। चार गोलियां दुकान में लगी जबकि तीन से चार गोलियां आसपास की दुकानों में लगी हैं।
बताया गया है कि पुलिस ने सोमवार सुबह शॉर्ट एनकाउंटर में जिस बदमाश कपिल यादव को गोली मारकर पकड़ा था, उसके पिता और अन्य रिश्तेदारों ने व्यापारी को धमकाया था। बदमाश के परिजनों को कहना था कि पूरा शॉर्ट एनकाउंटर सर्राफा व्यापारी महावीर जैन के इशारे पर हुआ है। फिलहाल पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी है।
गोलीबारी के बाद बाजार में दहशत का माहौल व्याप्त है। व्यापारियों ने दुकान बंद कर प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह, एसपी अनु बेनीवाल सहित आधा सैकड़ा पुलिस अधिकारी ऑफिसर सदर बाजार पहुंचे। पुलिस ने व्यापारियों को समझाकर माहौल को शांत किया।
