
छिंदवाड़ा। शहर के फव्वारा चौक पर युवक कांग्रेस द्वारा किए गए पुतला दहन कार्यक्रम में बड़ा हादसा हो गया। पुतले पर पेट्रोल डालते ही अचानक भभकी आग से चार पुलिसकर्मी झुलस गए। सबसे गंभीर रूप से एसआई नारायण बघेल घायल हुए हैं, जबकि प्रआ युवराज रघुवंशी, आ. सागर डेहरिया और आ. विकास बैस भी आग की चपेट में आ गए। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना के बाद सांसद विवेक बंटी साहू अस्पताल पहुंचे और झुलसे पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए और इस हादसे को कांग्रेस की “सोची-समझी साजिश” करार दिया। सांसद ने राहुल गांधी, पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह छिंदवाड़ा को अशांत करने की कोशिश है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर कार्यकर्ताओं को उकसाने और फंडिंग करने तक के आरोप लगाए।
सांसद ने कहा कि पुलिस जनता की सेवा में लगी रहती है और उन पर हमला करना हत्या के प्रयास जैसा अपराध है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों पर हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया जाए। पुलिस ने भी साफ किया कि यह आंदोलन बिना किसी अनुमति के किया गया था और सीसीटीवी व वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
