इंदौर: शहर में नगर निगम अब बहुमंजिला पार्किंग इमारतों के अलावा भी पार्किंग शुल्क वसूलने की तैयारी कर रहा है. इसको लेकर निगम ने टेंडर भी जारी कर दिए है. वहीं दूसरी ओर शहर में दो पहिया और चार पहिया वाहनों से भी पार्किंग शुल्क की राशि वसूली जा रही है. खास बात यह है कि नगर निगम एवं महापौर शहर में मॉल और व्यावसायिक भवनों में पार्किंग शुल्क वसूलने से मना करते रहे .
शहर में नगर निगम ने बहुमंजिला पार्किंग इमारतों में गाड़ी पार्क करने पर शुल्क वसूलने की तैयारी कर ली है. बकायदा इसके टेंडर जारी कर दिये है, जिसमें महाराजा कॉम्प्लेक्स और सरवटे बस स्टैंड के टेंडर दे दिए गए है. सवाल यह है कि नगर निगम शहर में यातायात और पार्किंग व्यवस्था के लिए वाहन खरीदने पर डीलरों के माध्यम से शुल्क वसूल रहा है. वहां खरीदते समय दो पहिया वाहन पर 15 सौ से 2 हजार और चार पहिया वाहन पर 6 हजार रुपए प्रति गाड़ी पार्किंग शुल्क वसूल रहा है. वाहन डीलरों को उक्त शुल्क नहीं देने पर आरटीओ गाड़ी का पंजीयन नहीं करता है.
इसके उलट नगर निगम शहर में निजी बहुमंजिला इमारत और मॉल्स में पार्किंग शुल्क वसूलने से मना करता है। नगर निगम और महापौर स्वयं ट्रेजर आइलैंड और अन्य व्यावसायिक भवनों में पार्किंग निशुल्क करने की बात कह चुके है. नगर निगम द्वारा पालिका प्लाजा फेज 1 एवं 2, रघुनाथ पेट्रोल पंप (प्रेमसुख टॉकीज), सुभाष चौक, बजाज खाना चौक सहित शहर में अन्य व्यावसायिक भवनों में पार्किंग के टेंडर जारी कर दिए गए है. टेंडर आते ही निगम के व्यवसायिक भवनों में पार्किंग शुल्क वसूली शुरू हो जाएगी.
दो जगह के टेंडर हो चुके
अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर ने इस बारे में बताया कि दो जगह के पार्किंग शुल्क वसूलने के टेंडर हो चुके है. बाकी जगहों पर टेंडर जारी कर दिए है, उनके टेंडर आने पर वहां भी पार्किंग शुल्क देय होगा
