
गुना। दीपावली जैसे रौनक भरे त्योहारी माहौल में बुधवार को शहरवासियों को पूरे दिन बिजली गुल रहने की मार झेलनी पड़ी। सुबह से ही शहर के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद रही, जिससे लोगों के साथ-साथ दुकानदारों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब आठ से दस घंटे तक चली इस रिकॉर्ड कटौती ने न केवल लोगों के दैनिक कार्यों में बाधा डाली बल्कि बाजारों की रौनक पर भी असर डाला। दीपावली से ठीक पहले जब रोशनी की तैयारी जोरों पर थी, तब अचानक बिजली गुल होने से कामकाज ठप पड़ गया।
जानकारी के अनुसार बिजली कंपनी द्वारा 220 केवी उपकेंद्र गुना पर कनेक्टिंग वर्क और 33 केवी पावर ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के कारण यह लंबी कटौती की गई। बिजली कंपनी ने बताया कि सुबह करीब 9.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक मेंटेनेंस कार्य प्रस्तावित था, लेकिन तकनीकी दिक्कतों और कार्य में देरी के चलते कई इलाकों में बिजली आपूर्ति देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी। इस दौरान शहर के विंध्याचल कॉलोनी, बलवंत नगर, शुक्ला कॉलोनी, एवन कॉलोनी, महावीरपुरा, मारुति शोरूम क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट नगर, लक्ष्मीगंज, हनुमान चौराहा, बैजू चौराहा और हाट रोड जैसे प्रमुख इलाकों में घंटों अंधेरा छाया रहा।
बिजली गुल रहने से दुकानदारों को दीपावली की तैयारियों में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिन इलाकों में बिजली नहीं थी, वहां सजावट और लाइटिंग का काम अधूरा रह गया। कई व्यापारियों ने बताया कि इन दिनों बाजारों में खरीदी का पीक समय चल रहा है, लेकिन बुधवार को लाईट नहीं होने के कारण ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम रही। घरों में भी लोग बिजली कटौती से परेशान रहे।
शाम होते-होते कई इलाकों में बिजली बहाल हो पाई, जबकि कुछ स्थानों पर रात तक इंतजार करना पड़ा। नागरिकों ने बिजली विभाग से दीपावली सीजन में बिना पूर्व सूचना के लंबी कटौती न करने की मांग की है। वहीं, बिजली कंपनी का कहना है कि मेंटेनेंस कार्य जरूरी था ताकि त्योहारी दिनों में बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रह सके। हालांकि, शहरवासियों के लिए यह दिन परेशानी और इंतजार भरा साबित हुआ।
