गुवाहाटी इंटरनेशनल मैराथन 2027 का लॉन्च, 12 हजार धावकों के शामिल होने की उम्मीद; 1.25 करोड़ की इनामी राशि

गुवाहाटी, गुवाहाटी इंटरनेशनल मैराथन 2027 का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। 7 फरवरी 2027 को होने वाले इस भव्य आयोजन में ₹1.25 करोड़ की इनामी राशि रखी गई है।

गुवाहाटी इंटरनेशनल मैराथन को गुरुवार को आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया गया। इसका पहला संस्करण 7 फरवरी 2027 को आयोजित होगा। आयोजकों को उम्मीद है कि अलग-अलग रेस कैटेगरी में करीब 12,000 धावक हिस्सा लेंगे।

इस मैराथन की घोषणा असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर की मौजूदगी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। इस इवेंट को पीएमजी स्पोर्ट्स एलएलपी का समर्थन मिला है।

कितने किलोमीटर में होगी दौड़?
मैराथन में 42.195 किलोमीटर की फुल मैराथन, 21.097 किलोमीटर की हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 1.5 किलोमीटर की दौड़ शामिल होगी। आयोजकों ने कुल 1.25 करोड़ रुपये की इनामी राशि रखी है।

फुल मैराथन में दुनिया के करीब 30 प्रमुख पुरुष और महिला लंबी दूरी के धावकों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा भारत के शीर्ष लॉन्ग-डिस्टेंस एथलीट भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

क्या बोले हिमंत बिस्वा?
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि ये मैराथन असम के लिए गर्व की बात है। इससे गुवाहाटी को खेल, फिटनेस और स्पोर्ट्स टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के तौर पर पहचान दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये आयोजन आगे चलकर हर साल होने वाली खेल परंपरा बन सकता है।

लॉन्च के दौरान सुनील गावस्कर ने मुख्यमंत्री सरमा को बिब नंबर-1 भेंट किया। गावस्कर ने कहा कि गुवाहाटी में दुनिया के प्रमुख मैराथन शहरों में शामिल होने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि दौड़ लोगों को समुदाय, संस्कृति और पृष्ठभूमि से ऊपर उठकर एक साथ जोड़ने का काम करती है।

पीवी सिंधु बनेंगी ब्रांड एंबेसडर
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु इस मैराथन की ब्रांड एंबेसडर होंगी। मैराथन और बाकी रेस ऐतिहासिक जजेज फील्ड से शुरू होकर वहीं खत्म होंगी। तय रूट के मुताबिक धावक गुवाहाटी यूनिवर्सिटी की ओर जाएंगे और कुमार भास्कर वर्मा सेतु को पार करते हुए आईआईटी गुवाहाटी की तरफ बढ़ेंगे। इसके बाद वे वापस जजेज फील्ड पहुंचेंगे। इस दौरान पुल को दोबारा पार करना होगा।

इस रूट को ऑस्ट्रेलिया के किम विवियन ने मापा है। वह वर्ल्ड एथलेटिक्स के ग्रेड-ए प्रमाणित रोड रेस कोर्स मेजरर हैं। ब्रिटेन के रिचर्ड हंटर रेस डायरेक्टर होंगे, जबकि इयान लैडब्रुक इंटरनेशनल एलीट एथलीट कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी संभालेंगे। पूर्व एशियन मैराथन चैंपियन सुनीता गोदारा भारत की एलीट एथलीट कोऑर्डिनेटर होंगी।

11 सितंबर से शुरु होंगे रजिस्ट्रेशन
पहले संस्करण के लिए रजिस्ट्रेशन 11 सितंबर से शुरू होंगे। भारत के साथ विदेशों के धावक भी इसमें रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। आयोजकों का लक्ष्य गुवाहाटी इंटरनेशनल मैराथन को एक सालाना अंतरराष्ट्रीय आयोजन के तौर पर विकसित करना है। इसके जरिए फिटनेस, खेल पर्यटन, स्थानीय लोगों की भागीदारी और गुवाहाटी व असम की वैश्विक खेल पहचान को बढ़ावा देने की योजना है।

Next Post

8वें वेतन आयोग पर कर्मचारियों का बड़ा दांव, फिटमेंट फैक्टर 3.83 करने की मांग; कितनी बढ़ेगी आपकी बेसिक सैलरी?

Fri Sep 11 , 2026
नयी दिल्ली, कर्मचारियों और पेंशनभोगियों ने चेन्नई बैठक में मिनिमम बेसिक सैलरी 69,000 रुपये और फिटमेंट फैक्टर 3.83 की मांग रखी है। सरकार ये प्रस्ताव मान लेती है तो आपकी सैलरी कितनी बढ़ सकती है? केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लंबे समय से आठवें वेतन आयोग की राह देख रहे हैं। […]

You May Like