
जबलपुर। यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में रेलवे हेल्पलाइन 139 रेल मदद के माध्यम से ट्रेन संख्या 15599 में यात्रा कर रहे एक यात्री की अस्वस्थता की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 15599 में यात्रा कर रहे यात्री सौरभ 21 वर्ष जो इटारसी से दानापुर की यात्रा कर रहे थे, को यात्रा के दौरान दस्त, उल्टी एवं चक्कर आने की शिकायत हुई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेल्पलाइन 139 रेल मदद के माध्यम से चिकित्सा सहायता हेतु कॉल दर्ज की गई। सूचना प्राप्त होते ही संबंधित स्टेशन पर उप स्टेशन प्रबंधक ( वाणिज्य ) एवं रेलवे चिकित्सा विभाग की इमरजेंसी क्लीनिक टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन के आगमन पर यात्री को अटेंड किया। पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किए जाने के बाद यात्री की स्थिति को ध्यान में रखते हुए उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई।
उपचार की व्यवस्था की गई
इसके उपरांत रेलवे प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस की व्यवस्था कर यात्री को निकटवर्ती शासकीय अस्पताल भेजा गया, जहां उसके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। यात्री की सुरक्षा एवं सहायता के दृष्टिगत ड्यूटी पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल के एक कर्मचारी को भी उसके साथ भेजा गया।
