जबलपुर: पाटन थाना अंतर्गत ग्राम झामर में बिजली के करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक कमल अहिरवार की मौत हो गई। घटना बीती रात की है, बुधवार सुबह युवक का शव घर के पीछे गेहूं के खेत में पड़ा मिला।पुलिस के मुताबिकभाई मुन्नालाल अहिरवार (59) ने सूचना दी कि उनका छोटा भाई काशीराम अहिरवार लकवाग्रस्त है। बीती रात करीब 10 बजे काशीराम का बेटा कमल अहिरवार कपड़े उतारने के लिए घर की छत पर गया था।
कमल की पत्नी के अनुसार जब कमल काफी देर तक नीचे नहीं आए, तो उन्हें लगा कि वे शायद गांव में कहीं चले गए होंगे और वह सो गई। सुबह करीब 5 बजे जब नींद खुली और पति कमरे में नहीं दिखे, तो पत्नी ने छत पर जाकर तलाश की। वहाँ से नीचे देखने पर कमल गेहूं के खेत में बेसुध पड़े दिखाई दिए। पास जाकर देखने पर पता चला कि उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों का कहना है कि घर की छत के बेहद करीब से 11 केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरी है। अंधेरे में कमल का हाथ इन तारों से छू गया, जिससे लगे जोरदार झटके के कारण वह सीधे नीचे खेत में जा गिरे। मृतक के दोनों हाथों में करंट लगने के गहरे निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
