
भोपाल। टीटी नगर थाना पुलिस ने बुधवार को वाहन चोरी के मामले का बडा खुलासा किया. पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी के 10 दो पहिया वाहन जब्त किए हैं, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रूपए आंकी गई है. सहायक पुलिस आयुक्त संभाग टीटी नगर अंकिता खातनकर ने बताया कि 10 अक्टूबर को फरियादी तरुण सिंह रावत ने अपनी मोटर साइकल की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि तबाजी कैफे डिपो चौराहे के सामने पार्किंग मे खड़ी उनकी बाइक चोरी हो गई थी. पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की.
इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बाणगंगा दशहरा मैदान के पास दो लड़के बिना नंबर प्लेट की मोटर साईकिल बेंचने की फिराक में है, जिन्हें पकड़ा गया. आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि दोनों मिलकर भोपाल शहर के टीटी नगर, कोलार, अयोध्यानगर, अशोका गार्डन, शाहजहाँनाबाद, गोविन्दपुरा, हनुमानगंज से वाहन चोरी करते थे. आरोपियों के पास से पुलिस ने कुल 10 मोटर साईकिल जब्त की और उन्हें कोर्ट में पेश किया गया. आरोपियों की पहचान कासिम उर्फ दानिश खां उम्र 21 साल निवासी राजीव नगर मैदा मील रोड और नदीम हसन, ऐशबाग निवासी के रूप में की गई है.
