ग्वालियर: भितरवार व चीनोर तहसील के चार गांवों में देर रात लगी आग पर आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका. आग लगने की सूचना मिलने पर कलेक्टर रुचिका चौहान ने बीएसएफ, नगर निगम एवं आंतरी व बिलौआ से फायर ब्रिगेड तत्काल मौके पर भिजवाई. साथ ही खुद भी मौके पर पहुंची. इसके अलावा, विधायक मोहन सिंह राठौड़ भी पूरे समय मौके पर रहे.
कलेक्टर ने दावा किया कि फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर पूरी तरह नियंत्रण पर लिया गया है. आग में झुलसने से घायल हुए 3 लोगों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर के जेएएच और एक व्यक्ति को लिंक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. कलेक्टर चौहान ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सचिन श्रीवास्तव को अग्नि दुर्घटना में घायल लोगों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए अस्पताल भेजा है.
एसडीएम भितरवार संजीव जैन ने बताया कि ग्राम भौरी, ररुआ, चीनोर और गढ़ी में आग लगने की घटनायें हुईं हैं. अग्नि दुर्घटना में ग्राम ररुआ के चार लोग घायल हुए हैं. साथ ही, कुछ पशु भी झुलस गए हैं. कुछ घरों में भी आग से नुकसान पहुंचा है. जिला प्रशासन ने अग्नि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की है.
