जयपुर (वार्ता) राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के होने वाले चुनाव में छह पदों के लिए अब 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गये हैं और सभी पदों पर दो उम्मीदवारों में सीधा मुकाबला होगा।
सहायक निवार्चन अधिकारी पी एस हाडा के अनुसार सोमवार को नाम वापस लेने के दिन 18 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए। इसके बाद आरसीए चुनाव में छह पदों पर 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गये हैं। जिनमें अध्यक्ष पद के लिए धनंजय सिंह खींवसर का मुकाबला बृज किशोर उपाध्याय से हैं। उपाध्यक्ष पद पर मोहित यादव का रतन सिंह शेखावत के साथ सीधा मुकाबला है।
सचिव पद के लिए मोहित यादव और पिंकेश जैन चुनाव मैदान में आमने सामने रह गये हैं। संयुक्त सचिव पद पर विनोद सहारन और राजेश सारस्वत के बीच चुनावी मुकाबला होगा जबकि कोषाध्यक्ष पद पर आशीष तिवाड़ी का मुकाबला विष्णु प्रताप अग्रवाल से होगा।
इनके अलावा एक कार्यकारी सदस्य पद के लिए अरिष्ठ सिंघवी और धर्मवीर सिंह शेखावत चुनाव मैदान में हैं। मंगलवार को पूर्वाह्न साढे ग्यारह बजे से अपराह्न डेढ़ बजे तक मतदान होगा और इसके बाद मतगणना की जायेगी। इस चुनाव में 38 मतदाता हैं जिनमें 36 जिलों के क्रिकेट संघों के प्रतिनिधि और दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मतदान कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के पुत्र धनंजय सिंह खींवसर अध्यक्ष पद के लिए, पूर्व मंत्री एवं विधायक जसवंत सिंह के पुत्र मोहित यादव उपाध्यक्ष और सांसद घनश्याम तिवाड़ी के बेटे आशीष तिवाड़ी कोषाध्यक्ष का चुनाव लड़ रहे हैं जबकि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के पुत्र पवन दिलावर और पूर्व मंत्री राजन्द्र राठौड़ के पुत्र पराक्रम राठौड़ ने अपना चुनावी पर्चा वापस ले लिया हैं।
