न्यूजीलैंड को 22 रनों से हराकर भारत ने 3-1 जीती सीरीज

माउंट मॉन्गानुई, 15 नवंबर (वार्ता) अक्षर पटेल और इशान किशन (46-46) की शानदार पारियों के बाद अर्शदीप सिंह (तीन विकेट) और मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल (दो-दो विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारत ने रविवार को छोटे स्कोर का बचाव करते हुए पांचवें और सीरीज के आखिरी एकदिवसीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 22 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ भारत ने पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली।

210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड को छठें ओवर में मोहम्मद सिराज ने टिम साइफर्ट (14) को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे न्यूजीलैंड के बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आये और अंतराल पर अपने विकेट खोते गये। विल यंग (22) को 17वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने आउट किया। इसके बाद 25वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने निक केली (24) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। फ़िन ऐलन (एक), माइकल ब्रेसवेल (19), डीन फ़ॉक्सक्रॉफ्ट (31), कप्तान मिचेल सैंटनर (24) और क्रिस्टियन क्लार्क (16) रन बनाकर आउट हुये।

47वें ओवर की दूसरी गेंद पर अक्षर पटेल ने जैकब डफी (नौ) को आउटकर भारत को नौवीं सफलता दिलाई। 49वें ओवर की पहली गेंद पर अक्षर पटेल ने ब्लेयर टिकनर (14) को विकेटकीपर इशान किशन के हाथों कैच आउट कराकर न्यूजीलैंड को 187 रनों के स्कोर पर ढेर कर भारत को 22 रनों से जीत दिला दी।भारत की ओर अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट लिये। मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। आकिब नबी, यश ठाकुर और नमन धीर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां इससे पहले जैकब डफी और मिचेल सैंटनर (तीन-तीन विकेट) तथा मैथ्यू फिशर (दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत को 42.1 ओवरों में 209 रन के स्कोर पर समेट दिया। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रहीं और उसने 34 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट खो दिये। रोहित शर्मा (सात), विराट कोहली (पांच) और ऋतुराज गायकवाड़ 18 रन बनाकर आउट हुये। रोहित और विराट को मैथ्यू फिशर ने आउट किया।

जबकि गायकवाड़ जैकब डफी का शिकार बने। इसके बाद अक्षर पटेल और कप्तान श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। 18वें ओवर में ब्लेयर टिकनर ने श्रेयस अय्यर (22) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद इशान किशन ने अक्षर पटेल के साथ मोर्चा संभाला। दोनों ने पांचवें विकेट लिए 35 रन जोड़े। 25वें ओवर में ब्रेसबेल ने अक्षर पटेल का शिकार कर लिया। अक्षर पटेल ने 55 गेंदों में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली।

इसके बाद मिचेल सैंटनर ने नमन धीर (22), आकिब नबी (पांच) और यश ठाकुर (शून्य) को आउट कर भारत के बड़ा स्कोर बनाने की उम्मीद को तगड़ा झटका दिया। 41वें ओवर में जैकब डफी ने एक छोर थामे रन बना रहे इशान किशान को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इशान किशन ने 58 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 46 रनों की पारी खेली। 43वें ओवर की पहली गेंद पर जैकब डफी ने अर्शदीप सिंह (14) को बोल्ड कर भारत की पारी का 209 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।
न्यूजीलैंड की और से जैकब डफी और मिचेल सैंटनर ने तीन-तीन विकेट लिये। मैथ्यू फिशन को दो विकेट मिले। माइकल ब्रेसवेल और ब्लेयर टिकनर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

.....

Next Post

वानखेड़े स्टेडियम करेगा डब्ल्यूपीएल 2027 के मुम्बई लेग की मेजबानी

Sun Nov 15 , 2026
मुम्बई, 15 नवंबर (वार्ता) भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने रविवार को बताया कि विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 का मुम्बई लेग जिसमें एलिमिनेटर और फाइनल शामिल है क्रिकेट क्लब ऑफ़ इंडिया (सीसीआई) के ब्रेबोर्न स्टेडियम के बजाय वानखेड़े स्टेडियम में होगा। तारीखें और फिक्स्चर में कोई बदलाव नहीं है। […]

You May Like