मुनादी का असर, खुला-खुला नजर आया बाजार

सीहोर। सोमवार को शहर के व्यस्ततम गांधी रोड के अलावा मेन रोड भी काफी खुला- खुला नजर आया. हालांकि इस दौरान कुछ दुकानों का सामान नाली के बाहर रखा था, लेकिन नपा के अमले को देखकर उन्होंने सामान अंदर कर लिया था. शहर में अतिक्रमण के कारण बिगड़ते हालात और जाम से लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए नगरपालिका द्वारा शनिवार को शहर के व्यापारियों की बैठक बुलाकर उन्हें निर्देशित किया था कि दुकानों का सामान अगर सड़क पर रखा पाया जाता है तो उनके खिलाफ पांच हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की जाएगी. नगर में स्थायी तौर पर दुकानों के सामने खड़े होने वाले हाथठेलों को लेकर भी निर्देशित किया गया था कि वह बाजार में एक जगह खड़े पाए गए तो चालानी कार्रवाई की जाएगी. इसके बाद नपा और व्यापारियों के बीच रजामंदी हुई थी कि वह नाली तक सामान रख सकते हैं. नपा की इस मुनादी का सोमवार को असर भी देखा गया. दुकानदारों ने नाली तक ही सामान रखा था. गांधी रोड सहित मेन रोड काफी खुला- खुला नजर आ रहा था. हालांकि गांधी रोड पर कुछ दुकानदारों ने दुकान के काफी बाहर तक सामान लटका रखा था, लेकिन नपा के अमले को देख उन्होंने सामान उतारना शुरू कर दिया था. नपा के अमले ने समझाईश दी कि अब अगर सामान रोड़ पर नजर आया तो सामान जब्त कर लिया जाएगा व चालानी कार्रवाई भी की जाएगी. इस दौरान नपा के अमले को देखकर हाथठेले वालों ने वहां से सरकने में ही भलाई समझी.

 

 

Next Post

पेयजल चोरी करते 12 किसानों की पकड़ी मोटर

Tue Dec 9 , 2025
आष्टा। नपा द्वारा पार्वती नदी में संग्रहित जल को सुरक्षित रखने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं. एसडीएम नितीन टाले के मार्गदर्शन में सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति द्वारा सर्चिंग दल गठित किया गया है जो पार्वती नदी के किनारे सटे ग्रामों का नाव के माध्यम से एवं पैदल चलकर सर्चिंग […]

You May Like