
जबलपुर। गुरु रविदास धाम, ग्वारीघाट के आव्हान पर रविदास समाज के समाजसेवी मुत्रीलाल अहिरवार के परिवार पर हुए हमले एवं पथराव के विरोध में दोषियों के विरुद्ध शीघ्र वैधानिक कार्रवाई एवं पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रविदास समाज के प्रतिनिधिमंडल एवं समाज जन ने पुलिस अधीक्षक, कार्यालय का घेराव करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पीडि़त पक्ष के अनुसार, 25 सितंबर 2026 की रात लगभग 7:30 बजे, गणेश विसर्जन के बाद राजा रसगुल्ला वाली गली में यश अहिरवार एवं युवराज के साथ कपिल सोनकर, राहुल सोनकर एवं अंशुल रैकवार द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई। इस घटना में दोनों को गंभीर चोटें आने की बात कही गई है। मामले में थाना कोतवाली में प्रकरण दर्ज है। इसके अगले दिन 26 सितंबर की रात लगभग 11:30 बजे, रवि नगर, गढ़ा फाटक क्षेत्र में एक अन्य घटना होने का आरोप है। पीडि़त पक्ष के अनुसार, कपिल सोनकर, राहुल सोनकर, तरुण सोनकर, यश सोनकर एवं शेरू सोनकर द्वारा ई-रिक्शा में तोडफ़ोड़ करने एवं घरों पर पथराव किया गया। इमारती अहिरवार के सिर पर तलवार से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गईं थी। वहीं दीपक अहिरवार को गंभीर चोटें आई थी । लार्डगंज थाने में प्रकरण दर्ज हुआ लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो पाई है।