
ग्वालियर। गणतंत्र दिवस की सांध्य बेला में आज यहां रंगारंग “भारत पर्व” का आयोजन किया गया। सागर से आए 15 लोक कलाकारो ने बधाई नृत्य प्रस्तुत किए तो भोपाल के दल ने लोक गायन की छटा बिखेरी। गौरवशाली गणतंत्र के महापर्व 26 जनवरी की सांध्य बेला में संगीतधानी ग्वालियर में लोकतंत्र के लोकोत्सव “भारत पर्व” पर लोकधारा बही। रंगारंग भारत पर्व का आयोजन आज रात्रि में ग्वालियर व्यापार मेला स्थित फैसिलिटेशन सेंटर प्रांगण में शुरू हुआ। भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत बुंदेलखण्ड के प्रसिद्ध बधाई लोकनृत्य की प्रस्तुति सागर से आ रहे जाने-माने 15 लोक कलाकारो ने दी। साथ ही भोपाल की सुश्री शोभना प्रधान के निर्देशन में 8 सदस्यीय दल ने लोक गायन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नगरवासियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति रही।
