बेटे ने अंजान ट्रेन में मां को छोड़ा, 15 दिन भटकने के बाद घर लौटी

सीहोर। बुढ़ापे में जिन बेटों का सहारा बनना था, उन्हीं के व्यवहार से परेशान होकर बुजुर्ग माताओं को अपने अधिकारों के लिए पुलिस की चौखट पर पहुंचना पड़ रहा है.

किसी बेटे ने 75 वर्षीय मां को रेलवे स्टेशन पर अनजान ट्रेन में बैठाकर छोड़ दिया, जिसके बाद वह 15 दिन तक भटकती रही. दूसरी मां के पति की सरकारी नौकरी के दौरान मौत के बाद बेटे को अनुकंपा नियुक्ति मिल गई, लेकिन मां को भरण-पोषण और दवाइयों के लिए गुहार लगानी पड़ी. वहीं तीसरी बुजुर्ग महिला की सेवा और भरण-पोषण के लिए तय जमीन पर बेटे ने कब्जा कर लिया था और फसल में हिस्सा देने से भी इनकार कर रहा था. सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत की बैठक में जब ये मामले पहुंचे तो बुजुर्गों की पीड़ा और पारिवारिक रिश्तों में आई दूरी सामने आई. समझाइश के बाद कहीं बेटों ने मां के पैर छूकर माफी मांगी तो कहीं भरण-पोषण और जमीन से जुड़े अधिकारों पर सहमति बनी. चार प्रकरणों में तीन का निराकरण किया गया. चौथे मामले में विवाद सुलझाने के लिए रखे गए विकल्प पर दोनों भाइयों ने सहमति जताई.

पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश पर आयोजित पंचायत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के नेतृत्व में कोर कमेटी सदस्य साधुराम शर्मा, कमल सिंह ठाकुर और विपुल चांडक मौजूद रहे. बैठक में बुजुर्गों से जुड़े अन्य प्रकरणों की भी सुनवाई की गई.

शहर के बाहरी इलाके में रहने वाली 75 वर्षीय महिला ने पंचायत में शिकायत की कि बेटा और बहू उसे परेशान करते हैं. एक बार बेटे ने उसे रेलवे स्टेशन पर किसी अनजान ट्रेन में बैठा दिया. इसके बाद वह कहां पहुंच गई, उसे भी पता नहीं चला. करीब 15 दिन तक परेशान होने के बाद किसी तरह घर वापस लौटी. पंचायत ने बेटे को समझाया कि बुजुर्ग मां की उम्र और व्यवहार संबंधी परेशानियों को देखते हुए परिवार को आपसी तालमेल बनाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए. समझाइश के बाद बेटे ने मां को सम्मान के साथ रखने का भरोसा दिलाया और पैर छूकर माफी मांगी. मां ने भी बेटे को एक और मौका देने पर सहमति जताई.

इसी तरह आष्टा क्षेत्र की बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनके तीन बेटे हैं. पति सरकारी सेवा में थे, जिनकी मृत्यु के बाद एक बेटे को अनुकंपा नियुक्ति मिल गई. इसके बावजूद मां को भरण-पोषण, दवाइयों और देखभाल के लिए परेशान होना पड़ रहा था. पंचायत ने बेटों को उनकी जिम्मेदारी समझाई. जिसके बाद तय हुआ कि बड़ा बेटा मां को अपने साथ रखेगा और उसकी जरूरतों के साथ सम्मान का भी पूरा ध्यान रखेगा. इस दौरान तीनों बेटों ने मां के पैर छूकर माफी मांगी.

ग्रामीण क्षेत्र की 85 वर्षीय महिला ने शिकायत की कि उनके तीन बेटों के बीच जमीन का बंटवारा हो चुका है. उनकी सेवा और भरण-पोषण के लिए जो जमीन तय की गई थी, उस पर एक बेटे ने कब्जा कर रखा है. वह न तो जमीन छोड़ रहा था और न ही फसल में हिस्सा दे रहा था. पंचायत की समझाइश के बाद बेटे ने वर्तमान फसल में आधा हिस्सा देने और आगे भी प्रत्येक फसल में आधी उपज मां को देने पर सहमति जताई.

 

 

 

Next Post

साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को बालाघाट पुलिस ने लौटाए 20 लाख रुपये

Thu Nov 12 , 2026
विशेष संवाददाता भोपाल। बालाघाट पुलिस ने साइबर अपराध के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति के पूरे 20 लाख रुपये वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। बैंक अधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय और समय पर कार्रवाई के चलते ठगी की पूरी रकम […]

You May Like