विशेष संवाददाता भोपाल। बालाघाट पुलिस ने साइबर अपराध के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी के शिकार एक व्यक्ति के पूरे 20 लाख रुपये वापस दिलाने में सफलता हासिल की है। बैंक अधिकारियों के साथ प्रभावी समन्वय और समय पर कार्रवाई के चलते ठगी की पूरी रकम सुरक्षित कर पीड़ित को वापस कराई गई।
पुलिस अधीक्षक मलय जैन के निर्देश पर साइबर नोडल यूनिट ने वार्ड क्रमांक 20, राम गली, बालाघाट निवासी संजय नेमा की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की। अज्ञात साइबर ठगों ने उनसे 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।
शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज होने के बाद पुलिस ने संबंधित बैंक के नोडल अधिकारियों से पोर्टल और अधिकृत ई-मेल के माध्यम से संपर्क किया। इसके परिणामस्वरूप इक्विटास बैंक के एक खाते में ठगी की पूरी राशि तत्काल फ्रीज करा दी गई। आवश्यक बैंकिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी रकम पीड़ित को वापस दिला दी गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी अनजान व्यक्ति को ओटीपी अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। पुलिस के अनुसार, ठगी के बाद शुरुआती गोल्डन ऑवर में शिकायत करने से रकम वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
