
भोपाल। कजलीखेड़ा इलाके में रविवार की शाम दो बदमाशों ने स्कूटर सवार एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और उसकी स्कूटर में तोड$फोड़ कर दी। घटना के समय युवक पिकनिक मनाकर वापस घर लौट रहा था। पीछे से आ रहे दोस्त मौके पर पहुंचे तो दोनों बदमाश पैदल ही वहां से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोस्त की रिपोर्ट पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का प्रयास और तोडफोड़ करने का मामला दर्ज कर लिया है। मुखबिरों की मदद से आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार टीला जमालपुरा निवासी सोनू करोसिया (27) प्रायवेट काम करता है। रविवार को वह अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ कजलीखेड़ा के आगे ग्राम बोरदा स्थित पहाड़ पर पिकनिक मनाने पहुंचा था। शाम को सभी दोस्त वापस घर लौट रहे थे। जहांगीराबाद निवासी दोस्त मनीष पवार (30) आगे-आगे अपनी स्कूटर पर चल रहा था, जबकि बाकी तीनों दोस्त पीछे आ रहे थे। शाम करीब सवा सात बजे मनीष बोरदा गांव के पास पहुंचा, तभी दो युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। लूटपाट की नीयत देख मनीष ने स्कूटर आगे बढ़ाने का प्रयास किया तभी बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और स्कूटर में तोडफोड़ कर दी। इसी दौरान पीछे से आ रहे दोस्त पहुंचे तो दोनों बदमाश पैदल ही मौके से भाग निकले। दोस्तों ने घायल मनीष को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना के दो दिन बाद मनीष को होश आया तो सोनू करोसिया ने थाने जाकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। पुलिस का कहना है कि इलाके में मुखबिरों को सक्रिय किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा कि मनीष पर हमला क्यों किया गया था। फिलहाल बदमाशों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
