एशियाई खेल स्वर्ण पदक विजेता संजू देवी को 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि

रायपुर, (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य संजू देवी को 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

कोरबा जिले की संजू देवी ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में श्री साय से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम की उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए सम्मानित किया और कहा कि संजू देवी ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का मान बढ़ाया है।

श्री साय ने कहा कि संजू देवी की उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है। राज्य सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

श्री साय ने संजू देवी से एशियाई खेल और भारतीय टीम के प्रदर्शन से जुड़े अनुभवों की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और बड़े खेल मंचों तक पहुंचने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

जापान में आयोजित एशियाई खेल 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा के फाइनल में भारतीय टीम ने ईरान को हराकर स्वर्ण पदक जीता। टीम की इस उपलब्धि में कोरबा जिले की संजू देवी ने भी योगदान दिया।

संजू देवी ने सम्मान और प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार से मिला प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।

Next Post

होलकर कॉलेज में हंगामा, करणी सेना ने किया चक्काजाम

Tue Sep 29 , 2026
इंदौर:होलकर साइंस कॉलेज में छात्रों के बीच हुई मारपीट के बाद शुरू हुआ विवाद सोमवार को एक बार फिर गरमा गया. कॉलेज प्रबंधन द्वारा 7 छात्रों को निलंबित किए जाने के विरोध में करणी सेना के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे. देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र […]

You May Like