
ग्वालियर। ग्वालियर जिले की सातऊ ग्राम पंचायत स्थित शीतला माता मंदिर के समीप शनिवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को गहरे दुख में डुबो दिया है। इस कठिन घड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के निवास पर पहुँचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और अपनी गहरी शोक संवेदनाएँ व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद भारत सिंह कुशवाह भी मृतकों के निवास पर पहुँचे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दुख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की। साथ ही शोक संतृप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य शासन की ओर से तात्कालिक सहायता के रूप में 10 मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चैक भी सौंपे।
इन परिवारों के बीच पहुँचे मुख्यमंत्री
शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में दिवंगत स्व. सरला तोमर (गुड़ीगुड़ा का नाका), स्व. दिव्यांशु कुशवाह (महेशपुरा, सिकंदर कंपू), स्व. सतेन्द्र सिंह गुर्जर (महलगांव), स्व. प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (ठाठीपुर चौहान प्याऊ), स्व. नीतेश (निकेश) उर्फ रितेश (दुल्लपुर), स्व. हेमंत राठौर, स्व. पवन राठौर, स्व. लव त्यागी, स्व. अमन त्यागी एवं स्व. अशोक त्यागी (गदाईपुरा) के निवास पर पहुँचकर मुख्यमंत्री ने परिजनों को सांत्वना दी।
