
नई दिल्ली, आगामी विधानसभा चुनावों और संगठनात्मक विस्तार की रणनीति तैयार करने के लिए भाजपा की दो दिवसीय राष्ट्रीय पदाधिकारियों की चिंतन बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई राष्ट्रीय टीम के पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया. उन्होंने संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल तथा जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का मंत्र दिया.
प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि केंद्र और राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए. उन्होंने कहा कि संगठन के माध्यम से इन योजनाओं का वास्तविक फीडबैक तैयार कर सरकार तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की प्रमुख जिम्मेदारी है. इसके साथ ही आगामी चुनावी चुनौतियों का सामना करने के लिए उन्होंने बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ को और अधिक मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद आयोजित इस बैठक में संगठन का ब्यौरा रखा और भविष्य का रोडमैप प्रस्तुत किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन और विकास की जो नई संस्कृति स्थापित हुई है, उसे जन-जन तक ले जाकर विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करना है. उन्होंने सभी प्रदेश प्रभारियों और मोर्चों के पदाधिकारियों से पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने तथा संगठन में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा.
दो दिनों तक चले छह विभिन्न सत्रों में गहन विचार-विमर्श के बाद पार्टी ने आगामी महीनों के लिए कई अहम निर्णय लिए हैं. बैठक में वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर सहित पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मिशन 2027 के तहत विशेष चुनावी रणनीति और जमीनी कार्ययोजना तैयार की गई. इसके अलावा तय किया गया कि भाजपा आगामी 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक देशभर में सेवा दूत अभियान चलाएगी, जिसमें आगामी चुनावी राज्यों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा. पार्टी ने अपने पारंपरिक जनाधार को सुदृढ़ करने के साथ-साथ सहयोगी दलों के साथ बेहतर समन्वय बनाने और नए क्षेत्रों में संगठन का तेजी से विस्तार करने का संकल्प लिया है. साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने के लिए आगामी महीनों में व्यापक जनसंपर्क और सदस्यता अभियान चलाने की रूपरेखा भी तय की गई है. बैठक में देशभर से आए लगभग 107 राष्ट्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया.
